क्या छात्रों को भरोसा लौटा पाएगा नया Anti-Paper Leak Bill?


Anti Paper Leak Bill: देश में पेपर लीक अब सिर्फ एक परीक्षा की समस्या नहीं रह गई है, बल्कि हर साल लाखों छात्रों के भविष्य और सरकार की साख से जुड़ा सवाल बन चुका है. इसी को लेकर केंद्र सरकार लोकसभा में पब्लिक एग्ज़ामिनेशन प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स अमेंडमेंट बिल 2026 लेकर आई है. यह बिल 2024 के उस कानून में बदलाव करता है जिसे एंटी पेपर लीक कानून कहा जाता है. इस एक्सप्लेनर में हम पेपर लीक बिल की पूरी तकनीकी जानकारी और इसके पीछे की वजह, साथ ही इसके इर्द गिर्द चल रहे माहौल को आसान भाषा में समझेंगे.

सबसे पहले यह बिल है क्या ? 

यह कोई बिल्कुल नया कानून नहीं है, बल्कि पुराने कानून का संशोधन यानी अमेंडमेंट है. मूल कानून है पब्लिक एग्ज़ामिनेशन प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स एक्ट 2024. यह देश का पहला ऐसा राष्ट्रीय कानून था जो सीधे पेपर लीक और परीक्षा में संगठित गड़बड़ी पर बना. 2026 का बिल इसी कानून की सज़ा और प्रक्रिया दोनों को और सख्त बनाता है. सरकार के मुताबिक इस बिल में मुख्य रूप से सात बड़े बदलाव किए गए हैं.

पुराना कानून यानी 2024 के एक्ट में क्या था?

2024 का कानून फरवरी 2024 में संसद से पास हुआ और 21 जून 2024 से पूरे देश में लागू हुआ. यह कानून केंद्र सरकार और उसकी एजेंसियों की परीक्षाओं पर लागू होता है. इनमें यूपीएससी, एसएससी, रेलवे भर्ती बोर्ड, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी यानी एनटीए और बैंकिंग भर्ती जैसी परीक्षाएं आती हैं. इस कानून में एक बात बहुत साफ है कि इसका निशाना छात्र नहीं हैं यानी परीक्षा देने वाला अभ्यर्थी इसके दायरे में नहीं आता. इसका निशाना वो गिरोह सर्विस प्रोवाइडर कंपनियां और वो अधिकारी हैं जो मिलीभगत करके पेपर लीक कराते हैं या गड़बड़ी करते हैं. 

नए बिल में सज़ा को लेकर क्या बदला?

यही इस संशोधन का सबसे बड़ा हिस्सा है. हर श्रेणी में सज़ा और जुर्माना बढ़ाया गया है.

  • पहली श्रेणी आम अनफेयर मीन्स की है. बिल के मुताबिक अब तक इसमें तीन से पांच साल की जेल और दस लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान था. नए बिल में इसे बढ़ाकर पांच से दस साल की जेल और पचास लाख रुपये तक जुर्माना कर दिया गया है.
  • दूसरी श्रेणी परीक्षा कराने वाली सर्विस प्रोवाइडर कंपनी की है. पहले इस पर एक करोड़ रुपये तक जुर्माना लगता था और उसे चार साल तक परीक्षा से जुड़े काम से बाहर रखा जा सकता था. अब जुर्माना बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये और बैन की अवधि आठ साल कर दी गई है.
  • तीसरी श्रेणी उन डायरेक्टरों या मैनेजमेंट की है जिनकी मिलीभगत से लीक होता है. पहले इसमें कम से कम तीन साल की जेल और एक करोड़ जुर्माना था. अब कम से कम सज़ा पांच साल और जुर्माना पांच करोड़ रुपये कर दिया गया है.
  • सबसे कड़ा प्रावधान संगठित अपराध यानी ऑर्गनाइज़्ड क्राइम पर है. पहले इसमें कम से कम पांच साल और ज़्यादा से ज़्यादा दस साल की जेल थी और जुर्माना कम से कम एक करोड़ था. नए बिल में कम से कम सज़ा सात साल कर दी गई है और जुर्माना कम से कम दस करोड़ रुपये कर दिया गया है.     

See also  XAT 2027 registration begins July 15; day 1 applicants to get first-choice exam city | Education News


जांच और मुकदमे की व्यवस्था में क्या नया है?

सिर्फ सज़ा बढ़ाना ही काफी नहीं माना गया इसलिए बिल में जांच और सुनवाई की रफ्तार पर भी बड़ा बदलाव किया गया है. इसके लिए कानून में दो नई धाराएं 12ए और 12बी जोड़ी गई हैं. बिल के मुताबिक अब हर मामले की जांच दो महीने के अंदर पूरी करनी होगी. केंद्र सरकार को यह अधिकार दिया गया है कि जरूरत पड़ने पर वो जांच के लिए एक स्पेशल टास्क फोर्स बना सके और अगर टास्क फोर्स बनती है तो जांच सिर्फ वही करेगी. 

सुनवाई के लिए स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का इंतज़ाम है. हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश को हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से सलाह करके एक सेशन कोर्ट को ऐसी फास्ट ट्रैक कोर्ट के तौर पर तय करना होगा. इस अदालत में मुकदमा रोज़ चलेगा और चार्जशीट दाखिल होने के तीन महीने के अंदर ट्रायल पूरा करना होगा. जो पुराने मामले पहले से लंबित हैं वो भी इसी अदालत में भेजे जाएंगे और उन्हें भी मिलने के तीन महीने के अंदर निपटाना होगा. इसके अलावा हर फास्ट ट्रैक कोर्ट के लिए अलग से स्पेशल पब्लिक प्रोसीक्यूटर यानी सरकारी वकील नियुक्त किए जाएंगे.

अपील का नया रास्ता

बिल में अपील को लेकर भी साफ व्यवस्था दी गई है, जो पहले नहीं थी. नई धारा 12बी के मुताबिक फास्ट ट्रैक कोर्ट के किसी फैसले या सज़ा के खिलाफ सीधे हाईकोर्ट में अपील की जा सकेगी. इस अपील को हाईकोर्ट के दो जजों की बेंच सुनेगी और तीन महीने के अंदर निपटाने की कोशिश करेगी. अपील तीस दिन के अंदर करनी होगी और उचित कारण होने पर हाईकोर्ट इसे नब्बे दिन तक बढ़ा सकता है लेकिन इसके बाद अपील नहीं सुनी जाएगी. जमानत देने या न देने के आदेश के खिलाफ भी हाईकोर्ट में अपील का रास्ता रखा गया है.

See also  AMU में MBBS की फीस जानकर चौंक जाएंगे आप, इतने कम खर्च में बन सकते हैं डॉक्टर

ये सब लाना क्यों पड़ा?

अब असली सवाल है कि जब 2024 का कानून पहले से मौजूद था तो नए बिल की जरूरत क्यों पड़ी?  इसका जवाब पिछले दो साल के हालात में है. कड़ा कानून होने के बावजूद बड़ी परीक्षाओं में गड़बड़ी और लीक की खबरें आती रहीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कथित नीट यूजी 2026 पेपर लीक से बाईस लाख से ज़्यादा अभ्यर्थी प्रभावित हुए और आखिरकार परीक्षा रद्द करनी पड़ी. इसके साथ ही सीबीएसई की ऑन स्क्रीन मार्किंग को लेकर भी सवाल उठे. इन घटनाओं ने पूरे देश में छात्रों का बड़ा आंदोलन खड़ा कर दिया.

सरकार ने बिल के उद्देश्यों में खुद माना है कि मौजूदा व्यवस्था में मुकदमे सालों तक खिंचते रहे और तेज़ सुनवाई के लिए कोई अलग अदालत नहीं थी. यही वजह है कि नए बिल में समयबद्ध जांच फास्ट ट्रैक कोर्ट और अपील की व्यवस्था लाई गई है. सरकार का तर्क है कि कड़ी सज़ा के साथ अगर सुनवाई भी तेज़ हो तो अपराधियों में असली डर पैदा होगा.

आस-पास की तस्वीर यानी मामला कितना बड़ा है?

पेपर लीक कोई नई या अकेली समस्या नहीं है. सिर्फ केंद्र ही नहीं कई राज्य भी अपने स्तर पर सख्त कानून ला चुके हैं. उदाहरण के तौर पर उत्तर प्रदेश ने अपने पेपर लीक कानून में दोषियों के लिए उम्रकैद तक की सज़ा और एक करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान रखा है. इससे समझ आता है कि लीक की समस्या पूरे देश की है और इसका नेटवर्क अक्सर एक साथ कई राज्यों में फैला होता है. यही वजह है कि केंद्र अपने कानून को माडल की तरह पेश करता रहा है ताकि राज्य भी इसे अपना सकें.


क्या छात्रों को भरोसा लौटा पाएगा नया Anti-Paper Leak Bill?

संसद और सियासत के माहौल को समझिये

इस बिल के आसपास का सियासी माहौल भी उतना ही अहम है जितना खुद बिल. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह बिल संसद के मानसून सत्र में उस समय आया है जब पेपर लीक को लेकर सत्र की शुरुआत से ही हंगामा चल रहा था. विपक्ष का विरोध बिल के साथ साथ 20 जुलाई को छात्रों के प्रदर्शन पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर भी है. सत्ता पक्ष ने बहस के लिए कई युवा सांसदों को उतारा है. 

यह भी पढ़ें: CAT 2026 के लिए 3 अगस्त से शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन, 29 नवंबर को परीक्षा

छात्रों और जानकारों का मूड 

छात्रों की तरफ से मूड साफ है कि वो जवाबदेही और भरोसेमंद व्यवस्था चाहते हैं. बार बार लीक होने से मेहनती छात्रों में गुस्सा और निराशा दोनों है क्योंकि सालों की तैयारी एक लीक से बेकार हो जाती है. यही भावना सड़कों से लेकर संसद तक दिख रही है.

See also  NEP का असर! CBSE 12वीं में रट्टाफिकेशन खत्म, Competency-Based सवालों ने घटाया छात्रों का पास प्रतिशत

जानकारों की राय थोड़ी सतर्क है. उनका मानना है कि कानून कागज़ पर चाहे जितना सख्त हो असली परीक्षा उसके लागू होने में होती है. 2024 के कानून में भी दस साल तक की जेल और करोड़ का जुर्माना था फिर भी लीक होते रहे. इसलिए सवाल है कि सिर्फ आंकड़े बढ़ाने से कितना फर्क पड़ेगा. जानकारों का कहना है कि लीक असल में पेपर की छपाई ढुलाई और रखरखाव के दौरान या कोचिंग माफिया के नेटवर्क से होता है. जब तक इस पूरी प्रक्रिया की सुरक्षा साइबर निगरानी और तकनीकी ऑडिट मजबूत नहीं होगा तब तक अकेली सज़ा से लीक नहीं रुकेगा.

क्या अब परीक्षा लीक-प्रूफ हो जाएगी

इसका सीधा जवाब हां या ना में नहीं है. एक तरफ सरकार का तर्क मजबूत है कि दस करोड़ का जुर्माना दस साल की जेल और तीन महीने में सुनवाई पूरी होने का दबाव माफिया के लिए बड़ा खतरा है. दूसरी तरफ यह भी सच है कि सज़ा अपराध के बाद काम आती है जबकि असली चुनौती लीक को पहले ही रोकने की है. इसलिए यह कहना सही होगा कि नया कानून लीक के खिलाफ लड़ाई को मजबूत तो करता है लेकिन अकेले इसे लीक-प्रूफ नहीं कहा जा सकता.

आगे क्या देखना है?

इस बिल का असली टेस्ट पास होने के बाद शुरू होगा. देखना होगा कि राज्य कितनी जल्दी फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाते हैं इन अदालतों में कितने मामले सच में तीन महीने में निपटते हैं और कितने दोषियों को सज़ा मिलती है. अगर जांच और सुनवाई सच में तेज़ हुई और कुछ बड़े मामलों में जल्दी सज़ा मिली तो इसका असर दिखेगा लेकिन अगर व्यवस्था पहले जैसी सुस्त रही तो कड़े प्रावधान सिर्फ कागज़ पर रह जाएंगे. साथ ही परीक्षा की पूरी प्रक्रिया को तकनीक और सख्त निगरानी से सुरक्षित बनाना उतना ही जरूरी रहेगा.

यह भी पढ़ें: NEET UG काउंसलिंग शेड्यूल जल्द होगा जारी, यहां से करें चेक

Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI



Source link

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required