NEET Results 2026: पेपर लीक के बाद हुए री-एग्जाम के आ गए नतीजे, 715 अंकों के साथ आर्यन गुप्ता और पंशुल बंसल बने टॉपर – एजुकेशन
Photo : ET NOW SWADESH Digital
NEET Results 2026: नीट-यूजी के नतीजे घोषित, पंजाब के आर्यन और हरियाणा के पांशुल बने टॉपर्स
हाइलाइट्स
- NTA ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट- अंडरग्रेजुएट (NEET UG) 2026 के नतीजे जारी कर दिये हैं।
- देश भर के मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य संबद्ध कोर्सेज में दाखिले के लिए कुल 11.21 लाख उम्मीदवारों ने री-एग्जाम को पास किया है।
- इस साल पंजाब के लुधियाना के रहने वाले आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल बंसल ने टॉप किया है।
इस साल नीट की परीक्षा को लेकर देश भर के मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य संबद्ध कोर्सेज में दाखिले के लिए कुल 11.21 लाख उम्मीदवारों ने ये मुश्किल परीक्षा पास कर सफलता का परचम लहराया है।
आर्यन और पांशुल ने हासिल किये 715 अंक
NTA ने गुरुवार की रात को मेडिकल प्रवेश परीक्षा नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट- अंडरग्रेजुएट (NEET UG) 2026 के नतीजे जारी किये थे। इस साल पंजाब के लुधियाना के रहने वाले आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल टॉपर्स बने हैं। दोनों के 715 अंक हासिल किया, जबकि इस वर्ष देश भर के मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य संबद्ध कोर्सेज में कुल 11.21 लाख उम्मीदवारों ने ये मुश्किल परीक्षा पास की है।
पास हुए उम्मीदवारों में 58 फीसदी से अधिक महिलाएं हैं। एनटीए के अनुसार, जहां गुप्ता और बंसल ने 720 में से 715-715 अंक हासिल किए, वहीं 19 उम्मीदवारों ने 700 अंक और 138 उम्मीदवारों ने 690 अंक प्राप्त किए। इसके अलावा कुल 1492 उम्मीदवारों ने 650 या उससे अधिक अंक अर्जित किए, जबकि 10,160 उम्मीदवारों ने 600 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
टॉप 5 में इन छात्रों का रहा दबदबा
मेडिकल प्रवेश परीक्षा के टॉप 5 की बात करें, तो देश के अलग-अलग राज्यों के छात्रों ने अपनी प्रतिभा साबित की है। आर्यन गुप्ता (लुधियाना) और पंशुल बंसल (हरियाणा) के बाद राजस्थान के उपलक्ष्य गोयल ने 99.99985 पर्सेंटाइल के साथ ऑल इंडिया रैंक 3 हासिल की है।
बिहार के आयुष भालोटिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए AIR 4 पर कब्जा जमाया। वहीं, कुडाले श्रावणी कृष्णा AIR 5 के साथ देश की टॉप फीमेल कैंडिडेट बनी हैं, जिसके बाद बिहार की रिया रंजन ने AIR 6 हासिल की है।
लड़कियों का रहा शानदार प्रदर्शन
इस बार के नीट नतीजों में लड़कियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। क्वालीफाई करने वाले कुल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं। महाराष्ट्र की कुडाले श्रावणी कृष्णा ने लड़कियों में टॉप करते हुए ओवरऑल ऑल इंडिया रैंक (AIR) 5 हासिल की है। एनटीए के अनुसार, काउंसलिंग और मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन की प्रक्रिया को सही समय पर शुरू करने के लिए तय शेड्यूल के मुताबिक ही रिजल्ट जारी किए गए हैं।
महाराष्ट्र और राजस्थान के छात्रों का शानदार प्रदर्शन
टॉप रैंकर्स की सूची में कई राज्यों के छात्रों ने अपनी जगह बनाई है। देश भर के टॉप 138 रैंक होल्डर्स में सबसे ज्यादा 22 उम्मीदवार महाराष्ट्र से हैं। इसके बाद मेडिकल कोचिंग का हब माने जाने वाले राजस्थान से 18 और पंजाब से 11 छात्रों ने इस एलीट लिस्ट में जगह बनाई है।
इसके अलावा, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु से 9-9 छात्र, जबकि गुजरात और दिल्ली से 8-8 छात्रों ने टॉप 138 में अपना नाम दर्ज कराया है।
टॉपर्स का क्या है सक्सेस मंत्र?
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सफलता हासिल करने वाले टॉपर्स ने अपनी इस बड़ी उपलब्धि का श्रेय अनुशासन, निरंतरता और परिवार के अटूट सहयोग को दिया है। 710 अंक हासिल कर AIR 4 लाने वाले आयुष भालोटिया ने बताया, “मैंने कोटा में अपनी तैयारी के दौरान एक सख्त रूटीन फॉलो किया। मैं हर दिन 6 घंटे की कोचिंग क्लास के अलावा 5 से 7 घंटे की सेल्फ-स्टडी करता था।”
ऑल इंडिया रैंक 18 हासिल करने वाले कृतिक जैन ने कहा, “मेरा फोकस किसी विशेष रैंक पर नहीं था, बल्कि मैं सिर्फ अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहता था। इसमें मेरे माता-पिता का बहुत बड़ा सपोर्ट रहा।
टेस्ट में अच्छे अंक आने पर वे खुश होते थे और कम अंक आने पर मुझे हताश होने के बजाय यह याद दिलाते थे कि अभी काफी समय बचा है और मैं और बेहतर कर सकता हूँ।” वहीं, AIR 52 हासिल करने वाली गुंजन ने बताया कि उन्होंने शिक्षकों की सलाह को पूरी तरह से फॉलो किया और रोजाना क्लास सहित लगभग 10 घंटे तक पढ़ाई की।
परीक्षा से जुड़े अहम आंकड़े
{`${electionKeyCandidatesData.title} मुख्य उम्मीदवार 2026`}
एनटीए द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस साल नीट यूजी परीक्षा में लगभग 20 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। यह परीक्षा 21 जून को भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में बनाए गए कुल 5,440 परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक आयोजित की गई थी। छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह परीक्षा 13 विभिन्न भाषाओं में कराई गई थी। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एनटीए ने रिजल्ट घोषित होने से ठीक पहले ही परीक्षा की फाइनल आंसर की भी जारी कर दी थी।
संबंधित खबरें
Author
आर्टिकल की समाप्ति