डाक विभाग में 23000 नौकरियां, 10वीं पास 21 सितंबर करें आवेदन
इंडिया पोस्ट ने ग्रामीण डाक सेवक यानी जीडीएस के 23,757 पदों पर भर्ती निकाली थी. इस भर्ती के लिए रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख आज 19 सितंबर है. हालांकि रजिस्ट्रेशन पूरा करने के बाद उम्मीदवार 21 सितंबर शाम 5 बजे तक आवेदन फाॅर्म जमा करने और फीस का पेमेंट कर सकते हैं. ऐसे में जिन उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर ली है, वह अब 21 सितंबर तक अपना फॉर्म भर सकते हैं.
10वीं पास उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
इंडिया पोस्ट जीडीएस भर्ती के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं की परीक्षा पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. 10वीं में रजिस्ट्रेशन और गणित विषय पास होना जरूरी है. इसके अलावा जिस पोस्ट या डाक सर्कल के लिए उम्मीदवार आवेदन कर रहा है, वहां की स्थानीय भाषा का ज्ञान होना चाहिए. वहीं आवेदक की आयु 18 से 40 साल के बीच रखी गई है. वहीं इस भर्ती में आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों काे नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट भी दी जाएगी.
21 सितंबर तक जमा कर सकते हैं आवेदन
इस भर्ती के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 31 अगस्त से शुरू हुई थी, जबकि आवेदन जमा करने की प्रक्रिया 2 सितंबर से चल रही है. रजिस्ट्रेशन आज 19 सितंबर को बंद हो रहा है. इसके बाद जिन उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कर लिया, वह 21 सितंबर शाम 5 बजे तक अपना आवेदन पूरा कर सकते हैं और निर्धारित फीस जमा कर सकते हैं. आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर उम्मीदवारों को 23 और 24 सितंबर को करेक्शन का मौका दिया जाएगा.
नहीं होगी लिखित परीक्षा
जीडीएस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को चयन के लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी. उम्मीदवारों का चयन 10वीं के अंकों के आधार पर होने वाली सिस्टम जेनरेटेड मेरिट लिस्ट से किया जाएगा. अगर 10वीं की मार्कशीट में अंकों की जगह ग्रेड या पॉइंट दिए गए हैं, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्हें अंकों में बदल जाएगा. इसके बाद प्रतिशत के आधार पर मेरिट तैयार होगी और प्रतिशत को चार दशमलव तक लिया जाएगा.
100 रुपये है आवेदन फीस
जीडीएस पदों के लिए आवेदन फीस 100 रुपये निर्धारित है, हालांकि महिला उम्मीदवारों, ट्रांसजेंडर महिलाओं, एससी-एसटी और पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों को फीस पेमेंट से छूट दी गई है. इसका पेमेंट ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के जरिए किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें-यूपी PCS मेंस 2025 का इंटरव्यू शेड्यूल जारी, 28 सितंबर से इंटरव्यू होंगे शुरू
ऐसे भर सकते हैं जीडीएस का फॉर्म
- आवेदन करने के लिए उम्मीदवार को इंडिया पोस्ट के ऑफिशियल वेबसाइट indiapost.gov.in पर जाना होगा.
- इसके बाद रजिस्ट्रेशन पूरा कर लिया है, तो फाॅर्म के लिए लॉगिन करना होगा.
- लॉगिन करने के बाद आवेदन फाॅर्म में जरूरी पर्सनल और एजुकेशनल डिटेल भरनी होगी.
- इसके बाद जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करने होंगे.
- उम्मीदवार को अपनी पसंद के पोस्ट और डाकघर का चयन करना होगा.
- वहीं जिन उम्मीदवारों पर फीस लागू होती है, उन्हें फीस जमा करके फॉर्म सबमिट करना होगा.
किन राज्यों में ज्यादा पद?
कुल 23,757 पद अलग-अलग डाक सर्कल में भरे जाएंगे. जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र में 2,297, तमिलनाडु में 2,118, उत्तर प्रदेश में 1,691, पश्चिम बंगाल में 1,619, मध्य प्रदेश में 1,450, झारखंड में 1,379, केरल में 1,373, उत्तर पूर्वी सर्कल में 1,354, ओडिशा में 1,353, कर्नाटक में 1,116 और बिहार में 1,098 पद है.
ये भी पढ़ें-अटेंडेंस से पढ़ाई तक… DUSU अध्यक्ष को किन चीजों की मिलती है छूट?
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI